Maharashtra Travel Tips: महाराष्ट्र भारत का एक राज्य है जो अपनी संस्कृति के साथ-साथ खूबसूरत और अद्भुत जगहों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। महाराष्ट्र में गेटवे ऑफ इंडिया, महाबलेश्वर, लोनावाला, खंडाला और पंचगनी जैसी प्रसिद्ध जगहों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
लेकिन महाराष्ट्र में स्थित रत्नागिरी भी एक ऐसी जगह है जो अभी भी पर्यटकों की नजरों से दूर है। रत्नागिरी में कई ऐसी खूबसूरत और मनमोहक जगहें हैं, जहां एक बार जाने के बाद आप राज्य की कई जगहों को भूल जाएंगे।
गणपतिपुले बीच (Ganpatipule Beach, Maharashtra)
जब रत्नागिरी में स्थित सबसे खूबसूरत और शानदार जगहों की बात आती है, तो गणपतिपुले बीच का नाम निश्चित रूप से सूची में सबसे पहले शामिल होता है। गणपतिपुले समुद्रतट की सुंदरता अद्भुत है।
खूबसूरत नजारों के साथ-साथ शांतिपूर्ण माहौल के लिए गणपतिपुले बीच सबसे अच्छी जगह मानी जाती है। आप नारियल के पेड़ के नीचे बैठकर खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं। कई पर्यटक यहां समुद्र की लहरों में स्पीड बोट, बंपर ड्राइव आदि खेलों का आनंद लेने भी आते हैं। समुद्र तट से कुछ दूरी पर स्थित दुकानों में स्थानीय भोजन का आनंद लेना न भूलें।
जयगढ़ किला (Jaigad Fort Maharashtra)
रत्नागिरी जिले में स्थित जयगढ़ किला पूरे महाराष्ट्र के लिए एक ऐतिहासिक किला है। इस ऐतिहासिक किले को विजय किला या विजय का किला के नाम से भी जाना जाता है। इस अद्भुत किले का निर्माण 16वीं शताब्दी में किया गया था।
जयगढ़ किला भी पर्यटकों के लिए बेहद खास है। समुद्र तट के नजदीक होने के कारण यहां हर दिन हजारों पर्यटक आते हैं। किले से समुद्र की लहरों का अद्भुत नजारा देखा जा सकता है। सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य भी पर्यटकों का मन मोह लेता है। कई लोग फोटोग्राफी के लिए जयगढ़ किले के ऊपरी हिस्से में पहुंचते रहते हैं। (मुंबई के आसपास घूमने की जगहें)
गणपतिपुले मंदिर (Ganpatipule Temple History, Maharashtra)
रत्नागिरी जिले में स्थित गणपतिपुले मंदिर बहुत प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर माना जाता है। कहा जाता है कि इस मंदिर का इतिहास 400 साल से भी ज्यादा पुराना है। मान्यता के अनुसार यहां स्थित गणेश जी की मूर्ति स्वयंभू के नाम से प्रसिद्ध है।
समुद्र तट के किनारे स्थित होने के कारण गणपतिपुले मंदिर पर्यटकों के बीच काफी प्रसिद्ध है। कई श्रद्धालु मंदिर परिसर में बैठकर समुद्र की लहरों को देखते हैं। खासकर शाम के समय यहां अधिक पर्यटक पहुंचते हैं। आपको बता दें कि गणेश चतुर्थी के मौके पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजा करने आते हैं. त्योहारों के मौके पर मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया जाता है।
गुहागर बीच (Guhagar Beach Photos)
गुहागर समुद्र तट, रत्नागिरी से लगभग 8 किमी की दूरी पर स्थित, जिले के सबसे लोकप्रिय और शांत समुद्र तटों में से एक है। यह खूबसूरत बीच अपने सुहावने मौसम और खूबसूरत लहरों के लिए काफी मशहूर है।
गुहागर बीच साहसिक गतिविधियों के लिए भी काफी मशहूर है। आप स्पीड बोट, बम्पर ड्राइव आदि जैसे खेलों का आनंद ले सकते हैं। आप गुहागर बीच से सूर्योदय और सूर्यास्त का सुंदर दृश्य भी देख सकते हैं।
थिबा पॉइंट (Thiba Point, Ratnagiri)
यह रत्नागिरी में स्थित एक बेहद खूबसूरत लेकिन प्रसिद्ध जगह है। कहा जाता है कि थिबा प्वाइंट एक ऐसा व्यू प्वाइंट है जहां से शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. यहां से रत्नागिरी की हरियाली को करीब से निहारने का मौका मिलता है। इसके अलावा लाइट हाउस और धूतपापेश्वर मंदिर भी घूमने के लिए बेहतरीन जगह हैं।
अगर आपको यह स्टोरी पसंद आई हो तो इसे फेसबुक पर जरूर शेयर करें और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।